आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष और जिला बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आदित्यपुर- कांड्रा (SH-5) सड़क को वर्ष 2026 में उपायुक्त सरायकेला- खरसावां नीतीश कुमार सिंह के प्रयास से पूरी तरह स्ट्रीट लाइट से रोशन किया जाएगा. 15.1 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर रोशनी लगने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है.

जन कल्याण मोर्चा ने कहा कि नए साल में कांड्रा- सरायकेला सड़क को चौड़ी करने का प्रस्ताव भी उपायुक्त से रखा जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर स्थायी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके.
जलापूर्ति के मामले में संगठन ने कहा कि दिसंबर 2025 में आदित्यपुर नगर निगम के सीतारामपुर 30 MLD वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की टेस्टिंग नहीं हो सकी थी. लेकिन JUIDCO ने आश्वासन दिया है कि जनवरी 2026 तक टेस्टिंग पूरी कर जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी. वहीं, सापड़ा स्थित 60 MLD प्लांट की टेस्टिंग मार्च 2026 तक पूरी कर दी जाएगी.
विदित हो कि इस संबंध में जन कल्याण मोर्चा आदित्यपुर ने झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका WP(PIL) No. 3629/2023 दायर की है और अगली सुनवाई 15 जनवरी 2026 को निर्धारित है.
पुलिस की उपलब्धियों पर मोर्चा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के नेतृत्व में जिले के दूरदराज के क्षेत्रों में अफीम की खेती करने वाले किसानों को मुख्यधारा से जोड़ा गया और उन्हें सही मार्गदर्शन दिया गया. इससे अफीम माफियाओं में दहशत है और किसान अब शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं.
ओम प्रकाश ने कहा कि आम जनता का सहयोग, मीडिया की सकारात्मक भूमिका और प्रशासनिक सतर्कता के कारण वर्ष 2026 में जिले में विकास की गति और बेहतर होगी.

