जामताड़ा/ Manish Baranwal प्रखंड के सुपायडीह पंचायत में सोमवार देर रात एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पंचायत भवन के पास स्थित एक खेत में युवक का शव पड़ा मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.

ग्रामीणों ने मृतक की पहचान जामताड़ा शहर के नामुपाड़ा मोहल्ला निवासी आनंद बाउरी के रूप में की. परिजनों के अनुसार आनंद बाउरी सोमवार सुबह करीब 11 बजे जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव में मतदान करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. देर रात उनका शव बरामद हुआ.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के पैर पर जलने के निशान पाए गए हैं. वहीं घटनास्थल के आसपास बाइक के टायर के निशान भी देखे गए हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच प्रारंभ कर दी है. मामले की गहन छानबीन की जा रही है.

