जामताड़ा/ Manish Baranwal सरकार की अग्निवीर योजना के तहत मिहिजाम के तीन युवाओं का चयन भारतीय सेना में होने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. चित्तरंजन स्थित माई एथेलेटिक्स एंड डिफेंस एकेडमी में पिछले दो वर्षों से प्रशिक्षण ले रहे मिहिजाम आम्बेडकर नगर निवासी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सूरज कुमार के साथ बागजोड़ी निवासी इमरान अंसारी और विन्दापाथर जबरदाहा निवासी गिरधारी सिंह का भारतीय सेना अग्निवीर में चयन हुआ.

इसके अलावा, एक वर्ष से प्रशिक्षण ले रही मिहिजाम कानगोई निवासी लक्ष्मी कुमारी का बिहार राज्य के जमुई जिला होमगार्ड पद पर चयन हुआ. मंगलवार को चयनित सभी जवानों को माई एथेलेटिक्स एंड डिफेंस एकेडमी की ओर से माला पहनाकर सम्मानित किया गया.
अकादमी के संचालक मनोज कुमार ने बताया कि मिहिजाम के इतिहास में पहली बार हमारे संस्थान की खिलाड़ियों का अग्निवीर जवान के रूप में चयन हुआ है. उन्होंने कहा कि यह एकेडमी पिछले 14 वर्षों से चल रही है और यहां एथेलेटिक्स के साथ भारतीय सेना, राज्य पुलिस, एसएससी जीडी समेत विभिन्न शारीरिक प्रशिक्षण दिए जाते हैं.
मनोज कुमार ने आगे कहा कि अकादमी से हर साल 50 से अधिक छात्र देश सेवा के लिए चयनित होते हैं और वर्ष 2025 में अब तक 53 बच्चों का चयन अग्निवीर, एसएससी जीडी, एसएससी सीपीओ, दुमका चौकीदार, सात बिहार होमगार्ड और बिहार पुलिस में हो चुका है. इस उपलब्धि से एकेडमी के खिलाड़ी, कोच, संचालक और अभिभावकों में खुशी की लहर देखी जा रही है.

