जामताड़ा/मनीष बर्नवाल: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रटनियां-मुरगाबनी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक जंगली भालू गांव में घुस आया. भालू के देखे जाने के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों और मवेशियों को घरों में सुरक्षित कर लिया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, भालू ने अब तक चार बकरियों को अपना शिकार बना लिया, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल समेत ग्रामीणों ने वन विभाग को अवगत कराया.
सूचना पाकर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और भालू से दूरी बनाए रखने की सलाह दी. इसके बाद विभाग द्वारा पिंजरा लगाकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने भालू को सुरक्षित पकड़ लिया.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए भालू को विभागीय वाहन से सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है, ताकि गांव में किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका न रहे. इधर, ग्रामीणों ने समय पर कार्रवाई के लिए वन विभाग का आभार जताया. साथ ही भविष्य में ऐसे वन्यजीवों के गांव में प्रवेश को रोकने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग भी की.

