जामताड़ा/ Manish Baranwal नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत जिले के दोनों शहरी निकायों में सोमवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न हुआ. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद ने मतदान उपरांत प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी. इस दौरान पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि मौजूद रहे.

उपायुक्त ने बताया कि 23 फरवरी 2026 को जामताड़ा जिला अंतर्गत 10 मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) और 15 जामताड़ा नगर पंचायत के सभी 67 मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई.
मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) मतदान प्रतिशत
सुबह 9 बजे तक- 9.83 प्रतिशत, 11 बजे तक- 22.67 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक- 36.23 प्रतिशत, 3 बजे तक- 49.19 प्रतिशत, शाम 5 बजे तक- 60.14 प्रतिशत.
जामताड़ा नगर पंचायत मतदान प्रतिशत
सुबह 9 बजे तक- 10.24 प्रतिशत, 11 बजे तक- 24.09 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक- 38.19 प्रतिशत, 3 बजे तक- 52.31 प्रतिशत, शाम 5 बजे तक- 61.45 प्रतिशत.
उपायुक्त ने कहा कि यह आंकड़े शाम 5 बजे तक के हैं. कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाता कतार में लगे हुए थे, जिससे अंतिम प्रतिशत में वृद्धि की संभावना है. अंतिम आंकड़े प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया. मिहिजाम नगर परिषद में 96.43 प्रतिशत तथा जामताड़ा नगर पंचायत में 94.97 प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत न्यू पॉलिटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा, जामताड़ा में वज्रगृह सह मतगणना केंद्र बनाया गया है. मतपेटिकाओं की प्राप्ति के लिए मिहिजाम नगर परिषद हेतु 8 तथा जामताड़ा नगर पंचायत हेतु 6 अलग- अलग काउंटर बनाए गए हैं. 27 फरवरी 2026 को इसी केंद्र पर दोनों निकायों की मतगणना की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के समन्वय, लगातार गश्त, क्यूआरटी की सक्रियता और सुरक्षा बलों की सतर्कता से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया. उपायुक्त रवि आनंद ने दोनों निकायों के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में लोगों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाई.

