जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पंचायत अध्यक्ष पद की दावेदार समाजसेवी चमेली देवी इन दिनों लगातार जनसंपर्क अभियान में सक्रिय हैं. दिनभर की व्यस्त दिनचर्या के बाद भी वे देर रात तक शहरी मतदाताओं से मिलकर संवाद स्थापित कर रही हैं. उनके अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखी जा रही है.

चमेली देवी महिला, पुरुष और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर भयमुक्त, सुरक्षित और विकासशील वातावरण के लिए बदलाव का समर्थन करने की अपील कर रही हैं. वे मतदाताओं से क्रमांक 3, चूड़ी छाप के पक्ष में मतदान करने का आग्रह कर रही हैं.
स्थानीय स्तर पर उन्हें एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में पहचाना जाता है. उनके दिवंगत पति विष्णु भैया पूर्व में जामताड़ा से विधायक रह चुके थे, जिनके कार्यकाल को लेकर समर्थकों के बीच सकारात्मक चर्चा होती रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि और सामाजिक सक्रियता उनके अभियान को मजबूती दे रही है.
उन्हें झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का समर्थन प्राप्त है. समर्थकों का कहना है कि राज्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय की स्थिति में नगर विकास कार्यों को गति मिल सकती है. हालांकि अंतिम निर्णय मतदाताओं के हाथ में है और चुनावी परिणाम ही यह तय करेंगे कि शहरी मतदाता किस दिशा में जनादेश देते हैं.
चुनावी माहौल में बदलाव, विकास और सुशासन जैसे मुद्दे प्रमुखता से उभर रहे हैं. ऐसे में जामताड़ा नगर पंचायत का यह चुनाव स्थानीय राजनीति की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है.

