जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को नया रूप देने के लिए जिला प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है. शहर में लगातार बढ़ते जाम और अव्यवस्थित यातायात को लेकर प्रशासन ने सड़क पर उतरकर कमान संभाल ली है.

बुधवार को पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता, एसडीओ अनंत कुमार और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई अधिकारियों ने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, नालियों और बैनर- होर्डिंग्स की स्थिति का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण, नालियों के सुदृढ़ीकरण और अवैध बैनर- होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए.

प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि अब सड़कों पर अव्यवस्था नहीं चलेगी. जहां अतिक्रमण या अवरोध मिलेगा, वहीं कार्रवाई होगी. जिला प्रशासन का लक्ष्य है- शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त करना, खाली पड़ी जगहों का सही उपयोग करना और आवागमन को सुगम व सुरक्षित बनाना.

