जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सामान्य प्रेक्षक संजय पाण्डेय, सामान्य प्रेक्षक विभूति मंडल तथा वरीय पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने नव निर्मित पॉलीटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा स्थित वज्रगृह एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान अधिसूचित वज्रगृह और मतगणना स्थल पर सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई. वज्रगृह में पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
अधिकारियों ने चल रहे सिविल कार्यों का अवलोकन करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित प्राप्त करने के लिए बनाए गए रिसीविंग सेंटर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई.
इस मौके पर अपर समाहर्ता जामताड़ा पूनम कच्छप, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

