जामताड़ा/ Yogesh Kumar झारखंड विधानसभा की अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति स्टीफन मरांडी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की जीत निश्चित है. उन्होंने बताया कि यह सीट पार्टी की परंपरागत सीट है और दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को टिकट मिलने की पूरी संभावना है. हालांकि अभी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सीटिंग सीट होने के कारण जीत सुनिश्चित मानी जा रही है.

बिहार चुनाव को लेकर स्टीफन मरांडी ने कहा कि झामुमो सीट शेयरिंग पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है. जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल इस विषय पर चर्चा करेगा और उसके बाद कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा.

इसके पूर्व परिसदन सभागार में आयोजित अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति की समीक्षा बैठक में सभापति स्टीफन मरांडी की अध्यक्षता में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, उद्योग, योजना और निर्माण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक में समिति सदस्य विधायक सुरेश कुमार बैठा, डॉ. लुईस मरांडी सहित जिला के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया.
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार एवं परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.
सभापति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने आवासीय विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं, मिड डे मील की गुणवत्ता, गलत बिजली बिल, पेयजल समस्या और अनुकंपा नियुक्तियों में हो रही देरी पर चिंता जताई और त्वरित समाधान के निर्देश दिए.
बैठक के बाद सभापति ने समिति की समीक्षा से संबंधित प्रश्नों पर टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी.

