जामताड़ा: जिले की होनहार एथलीट सविता मुर्मू ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. यह प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर तक आयोजित की गई थी. सविता मुर्मू ने जैवलिन थ्रो में 48.23 मीटर का प्रभावशाली थ्रो कर यह उपलब्धि हासिल की और जामताड़ा सहित झारखंड राज्य का नाम रोशन किया.

इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुमार प्रजापति ने सविता की सराहना करते हुए कहा कि उनमें काफी प्रतिभा है और उन्होंने हरियाणा में चल रही जूनियर प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि जिले में और भी कई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिन्हें खोजकर निखारने की आवश्यकता है.
जामताड़ा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सरोज यादव ने बताया कि सविता मुर्मू एक उभरती हुई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं और ऐसे खिलाड़ियों को सरकार द्वारा समुचित प्रोत्साहन और सहयोग मिलना चाहिए. कोच छोटेलाल कामत ने कहा कि हाई रेंज जैवलिन की उपलब्धता न होने के कारण अभ्यास में बाधा आ रही है. उन्होंने विभाग से मांग की कि सविता को एक हाई रेंज जैवलिन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह भविष्य में 2036 ओलंपिक के लिए बेहतर तैयारी कर सके.
सविता के इस शानदार प्रदर्शन पर विवेक रजक, रजनीश प्रसाद, सुमित ओझा, राजीव शाह, मुखर्जी और राजेश शर्मा सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

