जामताड़ा/ Manish Baranwal

इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड ने “बढ़ते अपराध के बीच जामताड़ा पुलिस का टोटो चालक का वीडियो वायरल” शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर के प्रकाशन के बाद मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. एसपी राजकुमार मेहता ने दोषी पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
बताया जाता है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जामताड़ा जिले के सअनि. सुधीर कुमार सिंह वर्दी में बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन से बाजार की ओर जाते दिख रहे थे. आरोप है कि थाना रोड पर उन्होंने बिना किसी स्पष्ट कारण के एक टोटो चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की.
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया. आरोप है कि उक्त पुलिस पदाधिकारी का आचरण घोर अनुशासनहीनता, उदंडता और मनमानेपन को दर्शाता है, जिससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल हुई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सुधीर कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, जामताड़ा निर्धारित किया गया है.

