जामताड़ा/ Manish Baranwal थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के कान से सोने की बाली झपट ली और फरार हो गए. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर महिला के कान से सोने की बाली छीनकर भाग निकले. झपट्टा इतना तेज था कि महिला का कान बुरी तरह फट गया और मौके पर काफी खून बहने लगा.


घटना के समय पीड़िता के पति इकबाल अंसारी घर पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली और वे घर पहुंचे तो उनकी पत्नी घायल अवस्था में मिलीं. उनके अनुसार छीनी गई बाली की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं.
थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा. दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त कम होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

