जामताड़ा/ Manish Baranwal पुलिस अधीक्षक ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के केराबनी स्थित राज होटल में चल रहे अवैध देह व्यापार के विरुद्ध की गई पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी दी. एसपी ने बताया कि शनिवार को अवैध देह व्यापार की गुप्त सूचना के आधार पर फतेहपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर राज होटल में छापामारी की गई.

छापामारी के दौरान इस कांड में एक पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया गया. साथ ही देह व्यापार के संचालन में संलिप्त संगीता कुमारी और उसके पति पप्पु राणा सहित कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में घर में देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर कई आपत्तिजनक सामान जब्त किए गए. इनमें वीवो कंपनी का मोबाइल, रेडमी कंपनी का मोबाइल, वन प्लस कंपनी का मोबाइल, विभिन्न सिम कार्ड, पीड़िता का आधार कार्ड तथा कमरे के बिस्तर के नीचे से चार पैकेट कंडोम बरामद किए गए हैं.
एसपी जामताड़ा ने बताया कि इस मामले में विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है. पीड़िता को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संरक्षण प्रदान किया जा रहा है.
इस छापामारी दल में नाला और कुंडहित प्रभाग के पुलिस पदाधिकारी, महिला थाना प्रभारी जामताड़ा, फतेहपुर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध देह व्यापार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

