जामताड़ा/ Manish Baranwal फतेहपुर थाना क्षेत्र के केराबनी गांव में पुलिस ने देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी में इस अवैध धंधे के मुख्य सरगना पप्पू राणा को एक युवती के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोविंदपुर- साहिबगंज स्टेट हाईवे के किनारे स्थित पप्पू राणा के घर में पश्चिम बंगाल और संथाल परगना के विभिन्न जिलों से युवतियों को लाकर ग्राहकों को ‘सेवा’ दी जाती थी. यह धंधा काफी समय से चल रहा था और आसपास के लोगों को भी इसकी भनक थी, लेकिन ठोस कार्रवाई अब जाकर संभव हो सकी.
विदित हो कि इस अड्डे पर जामताड़ा, दुमका और देवघर जिलों से असामाजिक तत्व और साइबर अपराधी आते रहते थे. हाईवे के पास होने के कारण बाहरी लोगों की आवाजाही आसानी से हो जाती थी, जिससे यह धंधा लंबे समय तक पुलिस की नजरों से बचा रहा.
गुप्त सूचना के आधार पर नाला के डीएसपी मनोज महतो ने इस छापेमारी का नेतृत्व किया. उनके साथ इंस्पेक्टर बिहारी मरांडी, कुंडहित इंस्पेक्टर मिन्हाज आलम एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे. हालांकि, फतेहपुर थाना की पुलिस इस कार्रवाई में शामिल नहीं थी, जिसे लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है.

