जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. सोमवार को उपायुक्त के निर्देश पर सिविल एसडीओ अनंत कुमार ने मिहिजाम क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उनका स्पष्ट संदेश था कि परीक्षा हर हाल में शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त हो.

एसडीओ ने बेसिक स्कूल मिहिजाम, प्रोजेक्ट गर्ल्स उच्च विद्यालय मिहिजाम और राजकीय प्लस टू विद्यालय मिहिजाम स्थित केंद्रों का दौरा किया.
अचानक पहुंचे अधिकारी को देख केंद्रों पर हलचल जरूर दिखी, लेकिन व्यवस्थाएं संतुलित रहीं. उन्होंने कक्षाओं में जाकर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और परीक्षा संचालन प्रक्रिया की बारीकी से जांच की.
निरीक्षण के दौरान एसडीओ अनंत कुमार ने दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि परीक्षा भवन में प्रवेश से पहले छात्रों की सघन जांच की जाए और छोटी सी लापरवाही भी पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा कर सकती है.
निरीक्षण में किसी भी केंद्र पर अव्यवस्था या कदाचार की शिकायत सामने नहीं आई. परीक्षा शांत और अनुशासित माहौल में संचालित होती पाई गई. मौके पर दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक और वीक्षक मौजूद रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके.

