जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला के क्रीड़ा विभाग द्वारा पर्वत विहार में आयोजित ‘सांस्कृतिक संगम’ कार्यक्रम में सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार और पर्यटक विशेषज्ञ सूरज कुमार उपस्थित थे. विद्यालय के कुल 19 विद्यार्थियों ने नृत्य, सामूहिक गीत और कला प्रदर्शन प्रतियोगिता में भाग लिया. तीनों विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल ने समग्र चैंपियनशिप हासिल की.
सामूहिक नृत्य में वंशिका शाह, अनुराधा सिंह, प्रियंका माजी, सोमिका राणा और स्नेहा मरांडी ने भाग लिया.
सामूहिक लोकगीत, जिसे जिला खेल पदाधिकारी की फरमाइश पर प्रस्तुत किया गया, राज्य स्तर पर भी सराहा जा चुका है. अवधि लोकगीत की प्रस्तुति रिकी रिमी, अवंतिका सिद्धि, अंशिका राज, श्रेष्ठा लायक और अंजली हांसदा ने दी. नृत्य निर्देशन शिक्षिका अंजू कुमारी ने किया.
लोकगीत एवं देशभक्ति कव्वाली में प्रमुख गायिका के रूप में रिकी रिमी ने नेतृत्व किया. उनके साथ श्रेष्ठा लायक, अवंतिका सिद्धि, अंशिका राज, वंशिका साह, कुमार सार्थक और केशव पांडे ने प्रस्तुति दी. संगीत शिक्षक स्नेह प्रभात दुबे ने इसका निर्देशन किया.
चित्रांकन प्रतियोगिता में श्रीति प्रिया और प्रियांशी प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. कला शिक्षक प्रदीप्तो दास के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की.
विजेताओं को बधाई देते हुए प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक गतिविधियों में भी संस्थान का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों के हुनर को पहचान कर तराशा जाता है और बेहतर शैक्षणिक परिणाम के साथ-साथ खेल, कला, संगीत और नृत्य के क्षेत्र में भी डीएवी ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है.
