जामताड़ा/ Manish Baranwal न्यूटाउन स्थित एक्सिस बैंक के सामने संचालित स्टूडेंट कैरियर प्वाइंट में शुक्रवार को सरस्वती पूजा बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर छात्र- छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति में विधिवत पूजा- अर्चना संपन्न हुई. मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

कार्यक्रम के दौरान केंद्र के निदेशक अमीर अंसारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि स्टूडेंट कैरियर प्वाइंट का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी मात्र 100 रुपये प्रतिमाह शुल्क पर कराने की घोषणा की गई, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें.
पूजा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इस दौरान सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. केंद्र प्रबंधन ने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को सफलता की राह पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. मौके पर पप्पू यादव, निर्मल महतो, सचिन दास, गोविंद यादव, रमेश, बासुदेव सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

