जामताड़ा: जिले के पबिया पंचायत अंतर्गत सिकदारडीह गांव में विद्या, बुद्धि और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा शुक्रवार को पूरे विधि- विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुई. इस अवसर पर गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा स्थल पर एकत्रित हुए.

पूजा- अर्चना का अनुष्ठान पंडित राजेन पाण्डे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया. मंत्रों की गूंज से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा. श्रद्धालुओं ने माँ सरस्वती से विद्या, विवेक, सद्बुद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

आयोजन में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली. विशेषकर छात्र- छात्राओं ने अपनी पुस्तक, कॉपी और कलम मां सरस्वती के चरणों में अर्पित कर सफलता का आशीर्वाद मांगा. पूजा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे आयोजन की शोभा और बढ़ गई.
पूजा के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़- चढ़कर भाग लिया. आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, संस्कृति और संस्कार को मजबूती मिलती है. पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा.

