जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नाला प्रखंड के आसानजुड़ी के पास रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक ही बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

मिली जानकारी के अनुसार दयामय मंडल (30), उनकी पत्नी रूपाली मंडल (24), पुत्र निताई मंडल (1.5 वर्ष) और पुत्री गौरी मंडल (5 वर्ष) अपने ससुराल किष्टोपुर डाबर डावर से सलूंगा कंडहित जा रहे थे. इसी दौरान आसानजुड़ी के पास एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सभी सड़क पर गिर पड़े.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नाला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दयामय और रूपाली को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि मासूम निताई की इलाज के दौरान मौत हो गई.
परिजनों का आरोप है कि बच्चे की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई. इसे लेकर परिजन और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की.

सूचना मिलते ही बीडीओ आकांक्षा कुमारी, नाला प्रभाग के पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार सिंह और थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया.
पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा, जिला अध्यक्ष सुमित शरण सहित कई जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के निलंबन की मांग की. सिविल सर्जन के आश्वासन और कार्रवाई के भरोसे के बाद मामला शांत हुआ. साथ ही सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा देने की बात भी कही गई. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

