जामताड़ा/ Manish Baranwal मिहिजाम थाना क्षेत्र के अमोई पुल के पास बाइक और पिकअप वाहन की आमने- सामने टक्कर में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई.

बताया गया कि कुशवेदिया निवासी गोपी गोराई अपनी बाइक से रूपनारायनपुर स्थित एलआईसी कार्यालय जा रहे थे. इसी दौरान अमोई पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया. हालांकि हेलमेट पहने रहने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उसके कान से खून बहता हुआ देखा गया.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत मिहिजाम स्थित संस्कार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर थाना ले आई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इस घटना के बाद इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं

