जामताड़ा: जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के पट्टाजोरिया के पास जामताड़ा- देवघर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान 28 वर्षीय पांडव यादव के रूप में हुई है. बताया गया कि एक ट्रक ने पांडव यादव को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पट्टाजोरिया के पास जामताड़ा- देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. लगभग तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन ठप रहा. मौके पर पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह पहुंचे और लोगों को समझा- बुझाकर जाम को समाप्त करवाया. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को फिलहाल 15 लाख रुपये का मुआवजा दिलाया गया है. साथ ही अन्य सुविधाएं भी देने की बात कही गई है.
रणधीर सिंह ने राज्य सरकार पर 108 एंबुलेंस सेवा के संचालन को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई यह सुविधा राज्य में ठीक से संचालित नहीं हो रही है. जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा पा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस सेवा को दुरुस्त नहीं किया गया तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा.

