जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के आरके प्लस टू हाई स्कूल फतेहपुर एक बार फिर विवादों में है. इस बार विद्यालय में कार्यरत आईसीटी इंस्ट्रक्टर विद्यासागर मंडल और प्रधानाध्यापक धर्मराज शर्मा की कथित लापरवाही से करीब 40 छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है.

बताया जा रहा है कि कक्षा दस की माध्यमिक परीक्षा के लिए कक्षा नौ के छात्रों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया था. इस दौरान आईसीटी इंस्ट्रक्टर द्वारा विषय आईटी और आईटीईएस की जगह आईआईटी विषय भर दिया गया, जो सीबीएसई बोर्ड में मान्य विषय है. विद्यालय में आईआईटी विषय का शिक्षक उपलब्ध नहीं है, जबकि आईटी का शिक्षक कार्यरत है.
इस त्रुटि के कारण आशंका जताई जा रही है कि संबंधित छात्रों के प्रमाणपत्र में परिणाम प्रभावित हो सकता है.
मामले को लेकर छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश है. हालांकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मराज शर्मा ने इसे मानवीय भूल बताया है.
गौरतलब है कि पूर्व में भी इंस्ट्रक्टर विद्यासागर मंडल पर विभिन्न मदों में वसूली के आरोप लगे थे. उस समय उन्हें निलंबित भी किया गया था, लेकिन बाद में पुनः विद्यालय में योगदान कराया गया.
कुछ छात्र दबी जुबान से आरोप लगा रहे हैं कि पूर्व में अवैध उगाही के मुद्दे पर आवाज उठाने के कारण जानबूझकर फॉर्म में त्रुटि की गई. हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इधर अभिभावकों ने एक बार फिर इंस्ट्रक्टर को विद्यालय से हटाने की मांग दोहराई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

