जामताड़ा/ Manish Barnwal शुक्रवार को जामताड़ा आध्यात्मिक रंग में रंगा दिखा. नवनिर्मित राम दरबार मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर दुमका रोड स्थित शिव मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी.

आचार्य रामानंद पांडे के मार्गदर्शन में पुजारी हरेंद्र पांडे, नवल किशोर पांडे, सुधांशु पांडे, संदीप पांडेय और प्रवीन कुमार दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया. इस दौरान राम दरबार की प्रतिमा का विधिवत अनावरण भी किया गया.
राम दरबार के दर्शन कर उपस्थित श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे. पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा. इस धार्मिक अनुष्ठान के यजमान संजय परशुरामका, अमरेन्द्र तिवारी, सुनील पौद्दार और अनील पौद्दार रहे. प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत भक्तों द्वारा 51 किलो लड्डू का भोग लगाया गया. बाद में यह प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया.
हवन के साथ पूरे अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई. मौके पर शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे, सचिव विजय कुमार दुबे, कोषाध्यक्ष प्रदीप केडिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.

