जामताड़ा: रानीडीह में शहीद सिदो- कान्हू मुर्मू क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ. फाइनल में जामताड़ा एफसी और मुचीयाडीह एफसी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबले का फैसला पैनल्टी शूटआउट से हुआ.

पैनल्टी शॉट में जामताड़ा एफसी ने 3-2 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की. मुचीयाडीह एफसी को उपविजेता घोषित किया गया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनप्रतिनिधि इरफान अंसारी उपस्थित रहे. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया. विजेता टीम को दो लाख रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई.
अपने संबोधन में इरफान अंसारी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ भाईचारे और अनुशासन को भी मजबूत करते हैं. तीन दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लिया. फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा. आयोजन को सफल बनाने में क्लब के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही. मौके पर आयोजक रविन्द्र मरांडी, संजित, जोसेफ सहित अन्य लोग मौजूद थे.

