जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में रमजान के मुकद्दस महीने के तीसरे जुमे की नमाज पूरे अकीदत और सादगी के साथ अदा की गई. शुक्रवार को जिले के विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में रोजेदार नमाज अदा करने पहुंचे.

जामताड़ा के पाकडीह, सरखेलडीह, सुभाष चौक, नूर मोहल्ला, राजबाड़ी और जीतूडंगाल सहित कई इलाकों की मस्जिदों में रोजेदारों की भीड़ उमड़ी. नमाज के दौरान सैकड़ों लोगों ने अल्लाह की इबादत की और देश में अमन- चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी.
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अख्तर रजा ने नमाज अदा कराई. इस मौके पर उन्होंने रमजान के पवित्र महीने की अहमियत बताते हुए सभी को मुबारकबाद दी. उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई.
मौलाना अख्तर रजा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रमजान का महीना रहमत और बरकत का महीना है. इस दौरान गरीब और जरूरतमंद लोग जकात के असली हकदार होते हैं, इसलिए सभी को उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए. रमजान के इस पवित्र महीने में लोग इबादत के साथ-साथ आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश भी दे रहे हैं.

