जामताड़ा/ Manish Barnwal जिले में रमजान उल मुबारक के पहले जुमे पर अकीदत और एहतराम का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला. जिले भर की मस्जिदों में बड़ी तादाद में रोज़ेदारों और नमाज़ियों ने जुम्मे की नमाज़ अदा की.

खासकर पाकडीह सरखेलडीह जामा मस्जिद और शहर के सुभाष चौक स्थित मस्जिदों में नमाज़ के दौरान भारी भीड़ उमड़ी. नमाज़ से पहले और बाद में लोगों ने मुल्क में अमन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी.
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अख्तर रजा ने रमजान के इस मुकद्दस महीने की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह महीना इबादत, सब्र और अल्लाह को राज़ी करने का है. उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा इबादत करने और नेक रास्ते पर चलने की अपील की.
वहीं मुखिया गुल मोहम्मद उर्फ सज्जाद ने कहा कि रमजान का जुम्मा सबसे अफ़ज़ल होता है. उन्होंने अवाम से गुनाहों से तौबा करने, पांच वक्त की नमाज़ जमात के साथ अदा करने, तरावीह पढ़ने और जरूरतमंदों तक सदका, ज़कात और फ़ितरा पहुंचाने का संदेश दिया.
रमजान के पहले जुमे पर जामताड़ा में अमन, भाईचारे और इबादत की यह तस्वीर पूरे समाज को एकजुटता का पैगाम दे रही है.

