जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के दुमका रोड स्थित शिव मंदिर परिसर में तीन दिवसीय राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान एवं हनुमान मंदिर जीर्णोद्धार कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को विधिवत रूप से किया गया. धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अनुष्ठान आरंभ हुआ.

प्राण प्रतिष्ठा के प्रथम दिन आचार्य रामानंद पांडे के नेतृत्व में पुजारी हरेंद्र पांडे, नवल किशोर पांडे, सुधांशु पांडे, संदीप कुमार पांडे और प्रवीन कुमार दुबे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई. अनुष्ठान के मुख्य यजमान अमरिंदर तिवारी एवं संजय परशुरामका हैं, जिन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा में सहभागिता निभाई.
मंदिर परिसर को फूलों की लड़ियों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है, जिससे वातावरण भक्तिमय और मनोहारी बना हुआ है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु अनुष्ठान में भाग लेकर पूजा- अर्चना कर रहे हैं.

मौके पर उपस्थित समाजसेवी प्रदीप केडिया, विक्रम बजाज, अनूप पांडे, राघवेंद्र सिंहा और अजय सिंघी ने बताया कि मंदिर परिसर में पूर्व से शिव मंदिर, पार्वती मंदिर, चित्रगुप्त मंदिर, लड्डू गोपाल मंदिर, मां दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर स्थापित हैं. राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब यहां श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम का भी आशीर्वाद प्राप्त होगा.
तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है.

