जामताड़ा/ Manish Baranwal रेलवे स्टेशन पर स्थित यात्री पुल यानी फुट ओवरब्रिज को बंद किए जाने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में चिंता और नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है. यह पुल स्टेशन के दोनों ओर रहने वाले लोगों के लिए बाजार आने-जाने का सबसे आसान और सुरक्षित रास्ता था.

पुल बंद होने के कारण अब लोगों को बाजार तक पहुंचने के लिए करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. इससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से इस पुल का इस्तेमाल स्टेशन के एक तरफ से दूसरी तरफ आने-जाने के लिए किया जाता रहा है.
पुल बंद होने के बाद खासकर बुजुर्गों. महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतें हो रही हैं. लोगों को रोजमर्रा के सामान के लिए बाजार जाने में अब ज्यादा समय और मेहनत लग रही है.
बताया जा रहा है कि जामताड़ा रेलवे स्टेशन का वर्षों पुराना फुट ओवरब्रिज डीआरएम के निर्देश पर शनिवार को बंद कर दिया गया. लोगों को हो रही परेशानी और पुल को फिर से चालू करने की मांग को देखते हुए जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद ने एसडीओ अनंत कुमार को पुल का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया.
इसके बाद जामताड़ा सिविल एसडीओ अनंत कुमार ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर बंद पड़े फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण किया और स्टेशन मास्टर के साथ इस मामले में विचार- विमर्श किया.
मौके पर जामताड़ा स्टेशन प्रबंधक एस के पासवान. आरपीएफ इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

