जामताड़ा/ Yogesh Kumar झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक मुद्दों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि “भाजपा की आंखों में धतूरा लग गया है, इसीलिए खुजली हो रही है.”भाजपा नेत्री एवं पूर्व विधायक सीता सोरेन द्वारा स्वास्थ्य विभाग और मंत्री इरफान अंसारी पर की गई टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा, “मैं उनका सम्मान करता हूं, इसलिए उनके खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं करूंगा. लेकिन यदि उनके कोई बड़े नेता कुछ कहेंगे, तो मैं जवाब दूंगा.”

स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “स्वास्थ्य व्यवस्था खटिया पर नहीं है, बल्कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं. भाजपा का काम केवल खामियां निकालना है. स्वास्थ्य विभाग की प्रगति भाजपा की आंखों में खटकती है, इसीलिए उन्हें खुजली हो रही है. भाजपा की आंखों में ‘बी-टैक्स’ लग गया है, इसलिए उन्हें फंगस दिख रहा है.”
उन्होंने झारखंड में पैरासिटामोल दवा में फंगस लगने की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि “मैंने स्वयं जांच कराई है, ऐसी कोई बात नहीं थी. भाजपा के कुछ नेता बिना तथ्य के आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं.”डॉ. अंसारी ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा — “पिछले 20 सालों में जब भाजपा सत्ता में थी, तब वह कहां थी. तब जनता का विकास क्यों नहीं हुआ.”इसी दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “नीतीश कुमार अब रिटायर्ड हो चुके हैं, वे कभी भी पाला बदल सकते हैं. भाजपा उन्हें कभी मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं करेगी.”
उन्होंने आगे कहा, “हमने झारखंड जीता है, अब बिहार भी जीतेंगे. हर हाल में हमारी जीत तय है.” इसके साथ ही मंत्री ने राज्य के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पीडीएस डीलरों को जल्द ही 4G मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने बताया कि “मशीनों की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अगले तीन महीनों में राज्य के सभी क्षेत्रों में इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा. अब पहाड़ों पर रहने वाले लोगों को भी 4G नेटवर्क की सुविधा प्राप्त होगी.”

राजनीतिक गलियारों में डॉ. इरफान अंसारी के ये बयान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं. उनके तीखे और बेबाक अंदाज ने झारखंड व बिहार दोनों राज्यों की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है.
आप भी सुने क्या कहा मंत्री इरफ़ान ने video

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
