जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले में जिला परिषद मद से बनने वाले विवाह मंडप के शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन की उपेक्षा का मामला सामने आया है. इसे लेकर जिप अध्यक्ष ने संवेदक पर नाराजगी जाहिर की है.

मिली जानकारी के अनुसार लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से जामताड़ा मुख्यालय स्थित सुभाष चौक के समीप विवाह मंडप का निर्माण किया जाना है. सोमवार को इस योजना का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया था. आरोप है कि शिलान्यास कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा जिला परिषद अध्यक्ष की अनुपस्थिति में ही विधिवत शिलान्यास कर दिया गया. इसकी जानकारी मिलने के बाद जिप अध्यक्ष राधारानी सोरेन ने कड़ी आपत्ति जताई.
जिप अध्यक्ष ने कहा कि विवाह मंडप का निर्माण जिला परिषद के माध्यम से किया जा रहा है. ऐसे में कार्यक्रम में उन्हें प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी. उन्होंने संवेदक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए नाराजगी व्यक्त की.
राधारानी सोरेन ने कहा कि यदि वह घंटों इंतजार कर सकती हैं, तो संवेदक उनका पांच मिनट इंतजार भी कर सकता था. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को जिला परिषद की गरिमा के खिलाफ बताया. इस घटना के बाद जिला परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी देखी जा रही है. मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.

