जामताड़ा/ Yogesh Kumar पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांसपहाड़ी स्थित पत्थर खदान के उत्तर-पश्चिम जंगल में चल रहे विशेष अभियान के दौरान साइबर ठगी में सक्रिय चार अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के निर्देश पर हुई, जिसमें पुलिस टीम ने मौके से 11 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की.

गिरफ्तार आरोपितों में नारायण मंडल (22), महादेव रक्षित (32), अशरफ अंसारी (24) और लालटू रक्षित (28) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार यह गिरोह फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताता था और कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों से मोबाइल में स्क्रीन-शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाता था. इसके बाद कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम दिया जाता था.
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों का पूर्व में भी साइबर अपराध से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है. इनमें महादेव रक्षित, नारायण मंडल और अशरफ अंसारी अलग-अलग मामलों में पूर्व से ही नामजद हैं. इनके ठगी नेटवर्क का दायरा जामताड़ा के अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था.
इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 67/25 के तहत B.N.S. 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

