जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले में अपराध नियंत्रण और कानून- व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता की अध्यक्षता में जिला पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में नाला एवं जामताड़ा अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक, सभी थाना प्रभारी, प्रभाग निरीक्षक एवं शाखा प्रभारी उपस्थित थे.

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सितंबर माह के अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, महिला उत्पीड़न, साईबर अपराध और अनुसंधान की गुणवत्ता पर विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों की जांच शीघ्र पूरी कर दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. खासतौर पर महिला उत्पीड़न और पॉक्सो मामलों में 50 दिनों के भीतर अनुसंधान कर आरोप पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया गया.
एसपी राजकुमार मेहता ने निर्देश दिया कि कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत डायन बिसाही, महिला सुरक्षा और साईबर अपराध से संबंधित जन-जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं. साथ ही अंतरजिला और अंतरराज्यीय थाना क्षेत्रों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए.
उन्होंने कहा कि प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सके. अवैध कोयला, बालू, पत्थर खनन और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिले भर में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया जाएगा.

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक कर दीपावली और छठ पर्व के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता जनसुरक्षा और अपराध नियंत्रण है. किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
