जामताड़ा/ Manish Baranwal मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर ठगी से जुड़े एक पुराने मामले में बिहार पुलिस जांच के लिए जामताड़ा जिले के मिहिजाम पहुंची. मामले को लेकर इलाके में फिर से चर्चा तेज हो गई है.

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात बिहार के भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर बबरगंज थाना की पुलिस मिहिजाम पहुंची और कृष्णानगर रोड नंबर-1 निवासी आरबी. चौधरी के नाम-पते का सत्यापन किया. पुलिस ने आरोपी के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी भी जुटाई.
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर विशाल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बबरगंज थाना कांड संख्या 27/18, दिनांक 13 फरवरी 2018 को दर्ज किया गया था. इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 120B और 34 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी पर मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम वसूलने का आरोप है.
जांच के क्रम में बिहार पुलिस ने स्थानीय पुलिस से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी हासिल की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

