जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना अंतर्गत बुधवार को सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. पर्व के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया.

इस फ्लैग मार्च में पुलिस निरीक्षक रबिंद्रनाथ यादव, नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन, सार्जेंट किशोर कुमार सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल शामिल रहा. फ्लैग मार्च नारायणपुर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों डोकीडीह, मुरली पहाड़ी, लटैया मोड़, लखनूडीह मोड़, आमजोरा एवं बिहाजोड़ी में किया गया.
मौके पर अधिकारियों ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ सरस्वती पूजा मनाने की अपील की. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी तरह की अफवाह, हुड़दंग या कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और पूजा को लेकर शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है.

