जामताड़ा/ Manish Barnwal

पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण परिवार से बिछड़ा एक मासूम बच्चा सकुशल अपने परिजनों से मिल सका. जामताड़ा थाना क्षेत्र के सत्साल गांव निवासी 10 वर्षीय कन्हाई महतो रविवार की शाम भटकते हुए मिहिजाम थाना क्षेत्र के बादोलीगढ़ पहुंच गया था.
कन्हाई महतो, जो अपने पिता स्वर्गीय गोपी चंद महतो का पुत्र है, रास्ता भटकने के बाद एक स्थानीय दुकान पर पहुंचा. वहां उसने दुकानदार को बताया कि उसे अपनी मौसी के घर जाना है.
बच्चे की मासूमियत और असहाय स्थिति को देखते हुए दुकानदार और आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय दिया. पहले बच्चे को नाश्ता कराया गया और फिर सुरक्षित रूप से मिहिजाम थाना पहुंचाया गया. मिहिजाम थाना में सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने बच्चे से बातचीत कर उसके परिजनों से संबंधित जानकारी जुटाई और तत्काल संपर्क साधा.
पुलिस की सक्रियता के कारण सोमवार सुबह बच्चे के दादा प्रफुल्ल महतो मिहिजाम थाना पहुंचे. सभी आवश्यक औपचारिकताओं के बाद थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने 10 वर्षीय कन्हाई महतो को उसके दादा के सुपुर्द कर दिया. अपने पोते को सकुशल पाकर प्रफुल्ल महतो की आंखों में राहत और खुशी साफ झलक रही थी. प्रफुल्ल महतो ने बताया कि कन्हाई के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां भी साथ में नहीं रहती है. ऐसे में बच्चे की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है. उन्होंने यह भी बताया कि कन्हाई का मानसिक संतुलन पूरी तरह ठीक नहीं है. दादा के अनुसार रविवार को वे काम पर गए हुए थे, इसी दौरान कन्हाई घर से निकल गया और भटकते हुए मिहिजाम पहुंच गया. पुलिस, स्थानीय लोगों और दुकानदार की सतर्कता एवं संवेदनशीलता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई.

