जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के नारायणपुर थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता ने की.

बैठक में एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मुराद हसन मौजूद रहे. थाना क्षेत्र के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए.
बैठक में बताया गया कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजा और प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा. पूजा और विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर विसर्जन रूट, समय निर्धारण और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई.
थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि सभी संवेदनशील और असंवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि बंदरचुआ, लखनुडीह, डोकीडीह, शाहरपुरा और आमजोड़दा जैसे इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के बाहर डीजे बजाने या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सबसे पहले डीजे संचालक पर एफआईआर दर्ज की जाएगी.
वहीं एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी ने बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 107 के तहत कार्रवाई की गई है. सभी डीजे संचालकों को समय सीमा को लेकर नोटिस दिया जाएगा. विसर्जन तय रूट से ही निकलेगा और पुलिस बल की एस्कॉर्ट में संपन्न कराया जाएगा.
बीडीओ देवराज गुप्ता ने कहा कि प्रखंड मिश्रित आबादी वाला क्षेत्र है. उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विसर्जन समिति का गठन किया जाएगा ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
बैठक में मंच संचालन बीरबल अंसारी ने किया. मौके पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रियाज अहमद, मुखिया गणेश मरांडी, परमानंद मरांडी, ग्राम प्रधान अमर मंडल, समिति सदस्य पवन पोद्दार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

