जामताड़ा/ Manish Baranwal रंग, उमंग और उत्साह के त्योहार होली के दौरान हुड़दंगियों और अफवाहबाजों से सावधान रहने की जरूरत है. यह बातें थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने शनिवार को थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं.

थाना प्रभारी ने कहा कि होली के दौरान नशेड़ियों और हुड़दंगियों के साथ- साथ वर्तमान समय में अफवाह फैलाने वालों से भी सतर्क रहने की आवश्यकता है. शांति समिति के सदस्यों की जिम्मेदारी है कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में नजर बनाए रखें और छोटी से छोटी सूचना भी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि शांति व्यवस्था कायम रह सके.
उन्होंने सभी लोगों से आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की. कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस रहेगा. कहीं भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया गया.
बैठक में यह भी कहा गया कि डीजे पर अश्लील गीत नहीं बजाए जाएं, जिससे माहौल खराब न हो. होली के अवसर पर शराब की दुकानें बंद रहेंगी. शांति समिति के सदस्यों ने चौक-चौराहों पर गश्ती बढ़ाने की मांग की. वार्ड पार्षद विजय राउत ने राजबाड़ी क्षेत्र में होलिका दहन के दिन प्रशासनिक तैनाती की मांग रखी.
बैठक के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. सभी ने एक-दूसरे को अबीर- गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. मौके पर इरशादूल हक, विजय कुमार दुबे, अजीत कुमार दुबे, डी डी भंडारी, भुवन चंद्र धीवर, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, रंजीत मिश्रा, किशोर रवानी, निलेश कुमार, प्रभु मंडल, गौर बाउरी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.

