जामताड़ा/ Manish Baranwal खरीफ विपणन मौसम 2025- 26 के तहत जिले में धान अधिप्राप्ति का कार्य 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होगा. इस संबंध में गुरुवार को उपायुक्त रवि आनंद ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिले में धान खरीद की सभी तैयारियां की जा रही हैं.

उपायुक्त ने बताया कि पिछले खरीफ विपणन मौसम 2024- 25 के दौरान जिले को धान अधिप्राप्ति के लिए कुल दो लाख क्विंटल का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध 2,303 किसानों द्वारा कुल 1,62,540 क्विंटल धान की बिक्री की गई थी. हालांकि यह लक्ष्य से कम रहा, लेकिन किसानों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले के उपार्जन पोर्टल पर कुल 5,432 किसान पंजीकृत हैं. खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में अधिक से अधिक किसानों को धान विक्रय के लिए प्रेरित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए किसानों का पंजीकरण कराया जाएगा और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा.
इस संबंध में उपायुक्त रवि आनंद ने जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने प्रखंड क्षेत्रों में धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रभावी योजना के तहत काम करें. सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में किसानों को जागरूक करेंगे और उन्हें धान विक्रय के लिए प्रोत्साहित करेंगे.
उपायुक्त ने कहा कि सरकार किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएंगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
