जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला परिषद की अध्यक्ष राधारानी सोरेन के खिलाफ सदस्यों में असंतोष गहरा गया है. जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डीडीसी को सात सदस्यों ने आधिकारिक तौर पर अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन सौंपा. जिले में कुल 14 निर्वाचित सदस्यों में से वर्तमान में 13 सदस्य सक्रिय हैं, जबकि एक सदस्य की मृत्यु के बाद एक सीट खाली है.

अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सात सदस्यों का कहना है कि जिला परिषद की अध्यक्ष राधा रानी सोरेन ने अभी तक एक भी बैठक नहीं बुलाई है और फंड की जानकारी भी साझा नहीं की है. इसी कारण वे उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए हैं.
गौरतलब है कि अध्यक्ष राधारानी सोरेन भाजपा से संबंध रखती हैं. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और बीजेपी से ताल्लुक होने के कारण कांग्रेस द्वारा भेदभाव किया जा रहा है.
उन्होंने जामताड़ा विधायक और झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर भी साजिश का आरोप लगाया. आपको बता दें कि दो दिन पूर्व मार्केट काम्प्लेक्स के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्हें नहीं तरजीह देने पर जिप अध्यक्ष ने संवेदक को खूब खरी- खोटी सुनाई थी.
इधर जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के बाद राजनीति गरमा गई है और सभी दलों में इस मुद्दे पर बयानबाजी जारी है.

