जामताड़ा/Yogesh kumar जामताड़ा पुलिस ने हाल ही में हुए दो युवकों के अपहरण मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक अंतरजिला आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है. जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह साइबर फ्रॉड में लिप्त व्यक्तियों को पहचान कर उनका अपहरण करता था और परिजनों से भारी रकम की फिरौती वसूलने की कोशिश करता था.

मामला 31 अक्टूबर का है, जब जामताड़ा के करमाटांड़ थाना क्षेत्र से दो युवक — आरिफ अंसारी और इकराम अंसारी — अचानक लापता हो गए. भयवश परिजन प्रारंभिक पूछताछ में सहयोग नहीं कर पाए, लेकिन 3 नवंबर को औपचारिक शिकायत दर्ज की गई. एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर सीडीपीओ जामताड़ा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपहृत युवकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया.
एसपी ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर और संगठित अपराधी गिरोह है, जिसने पूर्व में मधुपुर में बम ब्लास्ट कर पेट्रोल पंप लूट जैसी घटनाओं को भी अंजाम दिया था. इस गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी जेल जा चुके हैं। गिरोह जामताड़ा के साथ-साथ गिरिडीह, धनबाद और देवघर जिलों में सक्रिय था.
जांच में सामने आया कि अपहृत आरिफ अंसारी एक दुकान संचालक हैं, जबकि इकराम अंसारी अपने रिटायर्ड अंकल (ईसीएल कर्मी) से मिलने वाली राशि का इंतजार कर रहे थे। इसी संदेह में गिरोह ने दोनों को चिन्हित कर उनका अपहरण कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी.
गिरफ्तार अपराधियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा,दो जिंदा कारतूस, अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (JH 04 H 6062) और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

गिरोह द्वारा अपहृत युवकों को प्रताड़ित किया जा रहा था और उन्हें दिन में सिर्फ एक रोटी और प्याज दिया जाता था. आरिफ को मोहनपुर मोड़ से, जबकि इकराम को पार्टल क्षेत्र से अगवा किया गया था। एसपी ने बताया कि इस गिरोह में कुल 16 सदस्य शामिल हैं। अभी पाँच अपराधी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं, जबकि बाकी की तलाश जारी है.
जामताड़ा पुलिस की तत्परता और कुशल कार्रवाई से न केवल दोनों युवकों की जान बचाई गई, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े आपराधिक नेटवर्क पर भी कड़ा प्रहार किया गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
