जामताड़ा /Yogesh Kumar: जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नारायणपुर थाना क्षेत्र के तारासेठिया गांव में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी एक पत्थर खदान के पास बैठकर ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे.

गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले का रहने वाला मोहम्मद समीर भी शामिल है, जो अपने फूफा के घर रहकर ठगी के इस धंधे को अंजाम दे रहा था. एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सिराज अंसारी (19), साहबुद्दीन अंसारी (19), असलम अंसारी (28), तौसीफ अंसारी (22) और मोहम्मद समीर (21) के रूप में हुई है. इनमें से चार आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं, जबकि समीर प्रयागराज का निवासी है.
पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 15 फर्जी सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद की है. जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों को फोन करते थे. वे एटीएम कार्ड बंद होने या नया कार्ड सक्रिय करने का बहाना बनाकर ठगी के ऐप डाउनलोड करवाते थे और उसके जरिए खातों से पैसे उड़ा लेते थे.

एसपी ने बताया कि असलम अंसारी और तौसीफ अंसारी पहले भी साइबर ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं. इनके खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 65/ 25, दिनांक 24 अक्टूबर 2025 के तहत B.N.S. 2023, IT Act 2000 और Telecommunications Act 2023 की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
