जामताड़ा: झारखंड राज्य आजीविका कर्मचारी संघ, जामताड़ा जिला इकाई की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को सातवें दिन भी पूरे जोर और चट्टानी एकता के साथ जारी रही. 21 नवंबर 2025 से शुरू हुई इस हड़ताल के कारण जिले में ग्रामीण विकास एवं महिलाओं की आजीविका से जुड़ी सभी प्रमुख योजनाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं.

सभी पलाश कर्मी जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर के शीशम बागान में अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. हड़ताल से एसएचजी संचालन, दीदी बाड़ी, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि, महिलाओं की आजीविका कार्यक्रम समेत जेएसएलपीएस द्वारा संचालित लगभग सभी कार्य बाधित हो गए हैं.
✦ प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप
संघ ने बताया कि 15 नवंबर तक सभी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया गया था, परंतु अब तक कोई ठोस या लिखित आदेश जारी नहीं हुआ। कर्मियों ने इसे प्रबंधन की वादाखिलाफी बताते हुए कहा कि आंदोलनरत कर्मियों को धमकी भरा पत्र भेजकर मानसिक रूप से भी परेशान किया जा रहा है. कर्मियों ने कहा कि वर्षों की सेवा के बाद आजीविका की सुरक्षा के लिए संघर्ष करना उनकी मजबूरी बन गया है.
✦ प्रमुख मांगें
आजीविका कर्मियों ने निम्नलिखित मांगों को लेकर हड़ताल जारी रखी है—
-
जेएसएलपीएस कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा और सेवा स्थायीकरण
-
एनएमएमयू पॉलिसी का बिना कटौती पूर्ण कार्यान्वयन
-
वरिष्ठता व योग्यता के आधार पर आंतरिक प्रोन्नति
-
वार्षिक वेतन वृद्धि एवं महंगाई भत्ता लागू करना
संघ ने स्पष्ट कहा है कि जब तक मांगों पर लिखित निर्णय नहीं होता, हड़ताल जारी रहेगी और इसकी जिम्मेदारी प्रबंधन व सरकार की होगी। संघ ने आम जनता एवं सखी मंडलों से समर्थन की अपील भी की है.
✦ कई स्तरों के कर्मियों की भागीदारी
स्तर 5 से लेकर स्तर 8 तक के कर्मचारी — उत्तम कुमार, गणेश महतो, इकबाल अहमद, हीरक दास, कृष्णा कुमार, लाल बिहारी गुप्ता, अमित, सूर्यदेव कुमार, परवेज अंसारी, अजय हेंब्रम, रंजन दास, शिशिर माझी, मुकेश महतो सहित दर्जनों कर्मी — सातवें दिन भी धरना स्थल पर मौजूद रहे और अपनी मांगों पर अडिग रहे.
हड़ताल के जारी रहने से जामताड़ा जिले में आजीविका एवं ग्रामीण विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और इसे लेकर आम जनता भी प्रभावित हो रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
