जामताड़ा/ Manish Barnwal नाला थाना क्षेत्र के पलास्थली स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में गुरुवार को भीषण हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार खदान में अवैध रूप से खुदाई कर रहे करीब आठ लोग अचानक चाल धंसने से मलबे में दब गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और CISF की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खदान के अंदर काम कर रहे लोगों पर अचानक मिट्टी और पत्थर का बड़ा हिस्सा गिर पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर प्रशासन को सूचना दी. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके को घेरकर बचाव अभियान तेज कर दिया.
दो लोगों को गंभीर हालत में निकाला गया. बाकी की तलाश जारी.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार अब तक दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटा है. आशंका है कि बाकी लोग अभी भी अंदर फंसे हो सकते हैं.
बताया जा रहा है कि खदान में गए सभी लोग पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे परिहारपुर, पलास्थली और कास्ता इलाके के निवासी हैं. प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लगातार निगरानी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं और अवैध खनन की गतिविधियों पर सख्ती बरतने की बात कही है.

