जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के बाद उनके नेतृत्व में गांधी मैदान स्थित समाज कल्याण परिसर से भव्य रैली निकाली गई.

रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. रैली मां चंचला मंदिर पहुंची, जहां पूजा- अर्चना की गई. इसके बाद रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गई और प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया गया.
मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि भाजपा शुरू से पार्टी आधारित नगर निकाय चुनाव की मांग करती रही है, लेकिन यह चुनाव गैर-दलीय आधार पर कराया जा रहा है. उन्होंने कांग्रेस, जेएमएम और राजद पर शहरी क्षेत्रों में हार के डर का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ते हैं, इसलिए भाजपा ने रीना कुमारी को समर्थन दिया है और जनता उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी.

