जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा नेत्री और महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी. नामांकन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. शहर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है.

बबीता झा ने कहा कि जामताड़ा नगर को विकसित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि शहर को ग्रीन जामताड़ा के रूप में विकसित किया जाएगा. पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि महिलाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि शहर की महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें. नगर के सफाई तंत्र को सुदृढ़ करते हुए संपूर्ण शहर का सौंदर्याकरण किया जाएगा. जर्जर और संकरी सड़कों को दुरुस्त कर उन्हें मुख्य सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिससे आवागमन सुगम हो सके.
बबीता झा ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष योजनाएं लाई जाएंगी.
जामताड़ा में चिल्ड्रन पार्क और बुजुर्गों के लिए वॉकिंग पार्क का निर्माण कराया जाएगा, ताकि हर आयु वर्ग को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके.
नगर पंचायत चुनाव में बबीता झा के नामांकन से राजनीतिक गर्माहट और बढ़ गई है. समर्थक जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं और चुनाव को लेकर माहौल लगातार सक्रिय होता जा रहा है.

