जामताड़ा/ Manish Barnwal समाहरणालय सभागार में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. प्रेस वार्ता में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को चुनाव संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई.

उपायुक्त रवि आनंद ने बताया कि जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए कुल 6 अभ्यर्थी तथा मिहिजाम नगर परिषद में 16 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं. वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए जामताड़ा नगर पंचायत के 16 वार्डों में 47 तथा मिहिजाम नगर परिषद के 20 वार्डों में 65 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं.
उन्होंने बताया कि मिहिजाम नगर परिषद के 20 वार्डों के लिए 39 मतदान केंद्रों पर कुल 37056 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 18611 पुरुष, 18442 महिला और 3 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं. वहीं जामताड़ा नगर पंचायत के 16 वार्डों के लिए 28 मतदान केंद्रों पर 26467 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 13165 पुरुष और 13302 महिला मतदाता शामिल हैं. सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, शौचालय और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. मतदान दलों का तृतीय रेंडमाइजेशन पूरा कर लिया गया है. मिहिजाम के लिए 39 और जामताड़ा के लिए 28 मतदान दलों को टैग किया गया है, जबकि 17 दल सुरक्षित रखे गए हैं.
मतपेटिकाओं एवं मतदान सामग्री के संग्रहण के लिए न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज पाथरचपड़ा में वज्रगृह सह मतगणना स्थल बनाया गया है, जहां 14 काउंटर स्थापित किए गए हैं. उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन में गुलाबी मतपत्र से अध्यक्ष और सफेद मतपत्र से वार्ड पार्षद का चुनाव होगा तथा नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा. उन्होंने यह भी बताया कि 21 फरवरी 2026 की शाम 5 बजे से 24 फरवरी की सुबह 7 बजे तक शुष्क दिवस घोषित किया गया है. मतदान के दिन राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. सभी दुकान प्रतिष्ठान बंद रहेंगे और उनमें कार्यरत कामगारों को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा. साथ ही सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 9470591069 है. हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि दोनों नगर निकायों में भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, क्विक रिस्पांस टीम और पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मीडिया के माध्यम से मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़- चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें.

