जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर नाम निर्देशन प्रक्रिया की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को उपायुक्त व जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) रवि आनंद ने 29 जनवरी 2026 को अधिकारियों के साथ नाम निर्देशन स्थलों का निरीक्षण किया. उन्होंने मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) एवं जामताड़ा नगर पंचायत में समाहरणालय के भूतल और प्रथम तल पर बनाए गए कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी और प्रतिनियुक्त कर्मियों से प्रपत्र, व्यय पंजी, मतदाता सूची एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने अभ्यर्थियों और प्रस्तावकों के लिए प्रतीक्षा स्थल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, शौचालय, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी, सूचना बोर्ड और साइनेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि नाम निर्देशन प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराया जाए.
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि और संबंधित निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे.
नाम निर्देशन प्रपत्र बिक्री व दाखिला स्थिति
मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष पद हेतु गुरुवार को 4 प्रपत्रों की बिक्री हुई, जबकि कुल बिक्री 5 रही. वार्ड पार्षद पद हेतु 13 और कुल 22 प्रपत्र बिके. आज किसी भी पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया गया.

