जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह के बीच एक युवक के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है. घटना उस समय हुई जब एक अनजान युवक करमाटांड़ की मुस्लिम बस्ती में पहुंचा और उसकी गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए ग्रामीणों ने उसे पूछताछ के लिए रोक लिया.

बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान युवक भागने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके बैग से कुल्हाड़ी, चाकू, विभिन्न लोगों के एटीएम कार्ड, फास्टैग, चिमटा, दवा और कैंची समेत कई सामान बरामद किए गए. आधार कार्ड मांगे जाने पर युवक ने बताया कि वह उसे घर पर भूल गया है.
युवक ने अपना नाम लाडल शेख बताया और कहा कि वह अपने परिचित आबिद से मिलने करमाटांड़ आया था. इसी दौरान कुछ लोगों ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी. हालांकि मौके पर मौजूद कुछ समझदार लोगों ने बीच बचाव करते हुए पुलिस को सूचना दी और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया.
करमाटांड़ थाना के एसआई विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जांच में पता चला कि वह सदर अस्पताल जामताड़ा में इलाज कराने के बाद आसनसोल झाझा अमु पैसेंजर ट्रेन से करमाटांड़ पहुंचा था. पुलिस के अनुसार वह लोगों से पैसे मांगकर भ्रम फैलाने का काम भी करता था और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें.

