जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र से लापता हुए 15 वर्षीय छात्र अनुराग कुमार को करीब 19 घंटे बाद चित्तरंजन रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया है. इस पूरे अभियान में मिहिजाम पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय निर्णायक साबित हुआ.

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र के लापता होने की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई. आसपास के क्षेत्रों, संभावित मार्गों और रेलवे स्टेशनों पर तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई. इसी क्रम में चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की मदद से छात्र को सुरक्षित खोज लिया गया.
थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आरपीएफ और जीआरपी से संपर्क किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया. समय पर मिली सूचना, त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क के कारण छात्र को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सका.
छात्र की सकुशल बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों ने मिहिजाम पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की.

