जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के तेलियांडीह गांव में चार दिन से लापता एक विवाहिता का शव कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 26 वर्षीय प्रीति देवी के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जा रहा है कि प्रीति देवी का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं से मिला है.
मृतका की मां अनीता देवी ने बेटी के पति सुबोध रवानी समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि प्रीति की शादी वर्ष 2016 में सुबोध रवानी के साथ हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं.

परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर प्रीति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. उन्हें आशंका है कि इसी कारण उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया.
बताया जाता है कि मृतका का मायका देवघर जिले के करो थाना क्षेत्र के भवनपुर गांव में है. घटना की सूचना मिलने के बाद मायके वालों में शोक का माहौल है.
फिलहाल कर्माटांड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

